चंडीगढ़ में BJP के पंजाब मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट:ग्रेनेड फेंकने का VIDEO सामने आया, दावा- यह इसी अटैक का

चंडीगढ़ में BJP के पंजाब मुख्यालय के बाहर बुधवार शाम 5 बजे ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट के बाद वहां पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। BJP ऑफिस की दीवार पर 70 से 80 छर्रे जैसे निशान बन गए हैं।
अब इसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड की पिन खोलकर उसे फेंककर भाग रहा है। इस दौरान धमाके की भी आवाज सुनाई देती है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो BJP ऑफिस पर हमले का है।
ब्लास्ट की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस की कई टीमें मौके पर हैं। भारतीय सेना और NIA की टीम भी मौके पर आई है। बम व डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीमों के जरिए पूरे इलाके को खंगाला जा रहा है। टीम ने विस्फोटक के टुकड़ों की भी जांच की।
पुलिस को CCTV में 2 संदिग्ध नजर आए हैं। ये दोनों बाइक पर BJP ऑफिस के आसपास आते-जाते नजर भी आ रहे हैं। इनकी तलाश की जा रही है। पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) भी मौके पर पहुंच गई है।चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर ने कहा- भाजपा के पंजाब ऑफिस पर धमाका हुआ। पूरे मामले की जांच की जा रही है। अभी ब्लास्ट किसने और क्यों किया, इसमें कौन सा विस्फोटक यूज हुआ, इसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।




