एमपी में किल्लत की अफवाह, पेट्रोल पंपों पर भीड़:रतलाम में 5 दिन का स्टॉक एक दिन में खत्म, रीवा में पुलिस बुलानी पड़ी

मध्य प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह ने अचानक हालात बिगाड़ दिए हैं। सोशल मीडिया पर फैली भ्रामक खबरों के कारण लोगों में घबराहट फैल गई और पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई जगहों पर लंबी कतारें लग गईं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
रीवा में पंपों पर पुलिस बुलानी पड़ी। भोपाल में मोटरसाइकिल में सिर्फ 200 रुपए का पेट्रोल देने की शिकायत पर एयरपोर्ट रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप को सील कर दिया गया।
हालांकि, प्रशासन और पेट्रोल पंप संचालकों का साफ कहना है कि कहीं भी ईंधन की कमी नहीं है। पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और सप्लाई भी लगातार जारी है। इसके बावजूद लोग टैंक फुल करवा रहे हैं, जिससे कुछ जगहों पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
शाजापुर: बुधवार सुबह पेट्रोल-डीजल की किल्लत के कारण कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं। राधा चौराहे, बस स्टैंड और बेरछा रोड स्थित एचपी पंपों पर एडवांस भुगतान न होने से सप्लाई बंद है जबकि टंकी चौराहे का भारत पंप भी खाली हो गया है। फिलहाल, रिलायंस पंप पर सीमित मात्रा में ईंधन मिल रहा है।
खरगोन: महेश्वर-बड़वाह रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह करीब 400 वाहनों की कतार लग गई। भीड़ के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। पंप संचालक ने बताया कि पर्याप्त स्टॉक है और सभी को जरूरत के अनुसार ईंधन दिया जा रहा है। कर्मचारियों ने स्थिति संभालकर व्यवस्था बनाई।
रतलाम: रतलाम में कुछ पेट्रोल पंप बंद हैं जबकि खुले पंपों पर भीड़ लगी हुई है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए टू-व्हीलर में 200 रुपए और चार पहिया वाहनों में 1000 रुपए तक ही पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। पंप संचालकों के अनुसार स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन भरवा रहे हैं।
सेंधवा: सेंधवा में भी अफवाहों के बीच पेट्रोल पंपों पर सुबह से भीड़ बढ़ गई। पंप संचालकों और प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है। लोगों से अनावश्यक भीड़ न करने की अपील की गई है।
आगर मालवा: पिपलोन कला के कुबड़िया खेड़ी पेट्रोल पंप पर सुबह से वाहनों की कतार लगी रही। पर्याप्त स्टॉक की जानकारी के बावजूद लोग टैंक फुल करवा रहे हैं। वहीं, कानड़ में मंगलवार रात भीड़ के बीच पहले पेट्रोल भरवाने को लेकर विवाद हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया। बाद में लोगों ने स्थिति को शांत कराया।
इटारसी: रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। भीड़ के कारण यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि कर्मचारियों ने स्थिति संभाली। लेकिन दिनभर भीड़ बनी रही।
कुक्षी: बाग क्षेत्र के चार में से तीन पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल खत्म हो गया। नायरा पंप पर प्रति बाइक सिर्फ 100 रुपए का पेट्रोल दिया जा रहा है। अचानक बढ़ी पैनिक बाइंग के कारण स्टॉक खत्म हुआ। अब नए टैंकर मंगवाए गए हैं।
रीवा- पेट्रोल पंपों पर भीड़ उमड़ रही है। गाड़ियों की टंकी भरवाने के लिए लोग लगातार यहां पहुंच रहे हैं। कुछ पंपों पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारी बोले- भोपाल में 3 महीने के लिए पर्याप्त स्टॉक
भोपाल में एयरपोर्ट रोड स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल में सिर्फ 200 रुपए का पेट्रोल देने की शिकायत जिला प्रशासन के पास पहुंची। बाइक चालक ने खुद यह वीडियो बनाया था। शिकायत मिलने के बाद फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन पंप पर पहुंचे और उसे सील कर दिया।
उन्होंने बताया कि सभी पंप संचालकों को आदेश जारी किए गए हैं। इसमें कहा गया है कि उपभोक्ता अपने वाहन में जितनी मात्रा में पेट्रोल/डीजल मांगते हैं, उन्हें उतनी मात्रा में निर्धारित मूल्य पर ईंधन दिया जाए। कोई भी संचालक मूल्य का निर्धारण नहीं कर सकता। यदि ऐसा होता है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
फूड कंट्रोलर जादौन ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को पेट्रोल या डीजल, वाहन के ईंधन टैंक के अतिरिक्त बोतल, कैन या अन्य संसाधन में नहीं दिया जाएगा। शहर में 58.79 लाख किलोलीटर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक है, जो ढाई से तीन महीने तक के लिए पर्याप्त है।
इंदौर में सुपर XP 100 पेट्रोल 149 रुपए प्रति लीटर
इंदौर के भंवरकुआं में लोहामंडी के उषाराजे पंप पर हितेश देशमुख अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि 2 लीटर पेट्रोल 300 रुपए का दिया गया। इस बारे में पूछने पर पंप कर्मचारियों ने कहा कि यह ब्रांडेड सुपर XP 100 पेट्रोल है। यह एमपी के सिर्फ तीन शहर- इंदौर, भोपाल और ग्वालियर में ही मिलता है।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को रेट और टाइप पूछकर पेट्रोल डलवाना चाहिए।
बालाघाट में गैस एजेंसियों पर भी भारी भीड़ दिख रही
बालाघाट में पेट्रोल पंपों के साथ गैस एजेंसियों पर भी भारी भीड़ देखने को मिली। एजेंसी संचालक के अनुसार स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन अफवाहों के कारण सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। भीड़ बढ़ने पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस की मदद लेनी पड़ी।
इंडेन कंपनी का मैसेज- 31 से 32 दिन बाद दूसरा सिलेंडर
दो सिलेंडर कनेक्शन वालों को इंडेन की डिलीवरी की दूसरी तारीख 30 दिन बाद की दी जा रही है। इसके मैसेज भेजे जा रहे हैं। 26 दिन बाद बुकिंग फिर करीब 5-6 दिन की वेटिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी हो रही है। यानी 31 से 32 दिन बाद दूसरा सिलेंडर मिलेगा।





