MP के 15 शहरों में 30° पार; उत्तराखंड के 7 शहरों में पारा माइनस 10°C से नीचे:जम्मू-कश्मीर में मुगल रोड अब भी बंद

देश में फरवरी के दूसरे हफ्ते में मैदानी राज्यों राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में पारा 30°C का आंकड़ा पार कर चुका है। इन राज्यों में कई जिलों में तेज गर्मी पड़ रही है और सुबह-शाम सर्दी हो रही है।
राजस्थान के चित्तौड़गढ़ 31°C रहा, वहीं मध्य प्रदेश के 15 शहरों में तापमान ने 30°C तक पहुंच गया। दक्षिण भारत के कर्नाटक में आज गर्मी का अलर्ट है।
हिमालय के राज्यों में उत्तराखंड के 7 शहरों में पारा माइनस 10°C से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। गुरुवार को सबसे कम तापमान मुनस्यारी में माइनस 26 डिग्री रहा। हिमाचल प्रदेश के सात शहरों में गुरुवार को पारा 5 डिग्री से कम रहा।
जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में अभी हल्की बर्फबारी का दौर चल रहा है। बुधवार-गुरुवार को अनंतनाग में बर्फबारी हुई। कश्मीर को जम्मू से जोड़ने वाली मुगल रोड पर कई फीट बर्फ जमी है, इसके कारण यह अभी भी बंद है।

अगले दो दिन का मौसम…
- 14 फरवरी: राजस्थान में मौसम साफ रहने और तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
- 15 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी-बारिश से राहत की संभावना, मैदानी और निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है।



