
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के कारण भीषण सर्दी पड़ रही है। अधिकांश जगहों पर गुरुवार रात में न्यूनतम तापमान जीरो डिग्री से नीचे चला गया। सोनमर्ग सबसे ठंडी जगह रही। यहां पारा माइनस 11.2 डिग्री सेल्सियस (°C) दर्ज हुआ। गुलमर्ग में -9°C और कुपवाड़ा में -3.5°C तापमान रहा।
इधर, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। MP के ग्वालियर में भिंड रोड हाईवे पर कोहरे के कारण एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार सवार सभी 4 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 महिलाएं और 2 पुरुष थे।
राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में नेशनल हाईवे- 58 पर 5 से ज्यादा गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसमें 3 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 6 से ज्यादा लोग घायल हैं। एक्सीडेंट के कारण हाईवे पर करीब एक घंटे तक 4 किलोमीटर लंबा जाम रहा।
पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर जैसे हालात हैं। गुरुवार को दोनों राज्यों के 5 शहरों में तापमान 4°C से नीचे रहा। हरियाणा के नारनौल में पारा 2°C और भिवानी में 2.5°C रिकॉर्ड हुआ। पंजाब के फरीदकोट में तापमान 3°C और बठिंडा में 3.8°C और फिरोजपुर में 3.4°C रहा।
देशभर से मौसम की तस्वीरें…







