राजस्थान

राजस्थान क्रिकेट- बिना सिलेक्शन टीम में शामिल हुए 2 खिलाड़ी:एक फोन कॉल पर ड्रेसिंग रूम तक पहुंचे, साथ में प्रैक्टिस की; हेड कोच सस्पेंड

राजस्थान की अंडर-14 टीम में दो ऐसे खिलाड़ी शामिल हो गए, जिनका चयन समिति ने सिलेक्शन ही नहीं किया था। ये दोनों खिलाड़ी सीधे सेंट्रल जोन अंडर-14 टूर्नामेंट में पहुंच गए। चौंकाने वाली बात यह है कि इन्होंने डिस्ट्रिक्ट और चैलेंजर लेवल पर भी क्रिकेट नहीं खेला है।

दोनों खिलाड़ी टीम के साथ RCA की ड्रेस और किट के साथ वॉर्मअप सेशन में शामिल हुए। खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम और डगआउट भी साझा किया।

मामले का खुलासा होने के बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) एडहॉक कमेटी ने राजस्थान अंडर-14 टीम के हेड कोच अजहरुद्दीन को सस्पेंड कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दरअसल, सेंट्रल जोन अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन इंदौर (मध्य प्रदेश) में किया जा रहा है। इसमें राजस्थान की टीम भी हिस्सा लेने पहुंची है। 24 जनवरी को राजस्थान के मैच से पहले टीम में दो ऐसे खिलाड़ी शामिल हो गए, जिन्हें RCA की चयन समिति ने सिलेक्ट ही नहीं किया था।

सिफारिश से कराई गई एंट्री RCA से जुड़े सूत्रों के अनुसार, दोनों खिलाड़ी राजस्थान के अलग-अलग जिलों से बतौर गेस्ट प्लेयर टीम में शामिल हुए थे। एक खिलाड़ी के पिता RCA की एक टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ के रूप में जुड़े हुए हैं। वहीं, दूसरे खिलाड़ी की एंट्री बड़ी सिफारिश के जरिए कराई गई।

हेड कोच ने फोन कॉल का दिया हवाला हेड कोच अजहरुद्दीन ने सफाई देते हुए कहा कि मुझे इस बारे में कोई पूर्व जानकारी नहीं थी। मुझे RCA की ओर से एक फोन कॉल आया था, जिसमें कहा गया था कि दो बच्चे टीम के साथ आएंगे। उन्हें वॉर्मअप सेशन में शामिल करना है। दोनों खिलाड़ियों के पास RCA की आधिकारिक ड्रेस और किट बैग थे, इसलिए मुझे किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।

कन्वीनर बोले- बिना चयन टूर्नामेंट में भेजना गंभीर मामला RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कहा- पूरे मामले की जानकारी मिलने के बाद तुरंत टीम के हेड कोच को सस्पेंड कर वापस बुला लिया गया है।

उन्होंने कहा- बिना चयन खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंट में भेजना एक बेहद गंभीर मामला है। जो भी लोग इसमें शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निष्पक्ष जांच कराई जाएगी कि बिना चयन के खिलाड़ियों के पास RCA की ड्रेस और किट बैग कैसे पहुंचे। इस पूरे मामले में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button