स्वास्थ्य मंत्री पहुंचे धनबाद सदर अस्पताल, मरीजों का किया इलाज:कहा- इलाज में लापरवाही स्वीकार्य नहीं, 3 साल में नए मेडिकल कॉलेज भवन का भी ऐलान

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार को धनबाद सदर अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वयं ओपीडी में बैठकर मरीजों का इलाज भी किया। मंत्री को अपने बीच पाकर मरीजों में उत्साह देखा गया।
ओपीडी में मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। डॉ. इरफान अंसारी ने उन्हें गंभीरता से सुना और तत्काल उचित इलाज के निर्देश दिए।
उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को स्पष्ट रूप से कहा कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

नए मेडिकल कॉलेज का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन पर रखने का प्रस्ताव
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए डॉ. इरफान अंसारी ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में धनबाद को एक नया मेडिकल कॉलेज भवन मिलेगा। इस मेडिकल कॉलेज का नाम दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर रखने का प्रस्ताव है।
स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल सर्जन को अस्पताल में साफ-सफाई, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

‘सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना उद्देश्य’
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सरकारी अस्पतालों में ही बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इसका लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को निजी अस्पतालों की ओर न जाना पड़े।
मंत्री ने यह भी बताया कि वे एसएनएमएमसीएच अस्पताल का भी निरीक्षण करेंगे। उन्होंने जोर दिया कि झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए सरकार गंभीर है। इसी कड़ी में वे स्वयं विभिन्न जिलों के सदर अस्पतालों में ओपीडी में बैठकर मरीजों की जांच कर रहे हैं, ताकि जमीनी हकीकत को समझा जा सके।