शामली में बुर्का न पहनने पर पत्नी-दो बेटियों की हत्या:आंगन में दफनाया, बोला- दो को गोली मारी, एक का गला घोंटा

यूपी के शामली में सनसनीखेज वारदात हुई है। बुर्का न पहनने पर एक व्यक्ति ने पत्नी और दो नाबालिग बेटियों की हत्या कर दी। फिर तीनों शवों को घर के आंगन में सेप्टिक टैंक में दफना दिया।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल किया है। आरोपी फारुख ने बताया- उसने पत्नी ताहिरा और बड़ी बेटी आफरीन की गोली मारकर हत्या की, जबकि दूसरी बेटी सहरीन की गला घोंटकर जान ले ली। इसके बाद तीनों शवों को घर के आंगन में शौचालय के लिए पहले से बनाए गए गड्ढे में दबा दिया। मंगलवार देर शाम पुलिस ने फारुख की निशानदेही पर सेप्टिक टैंक की खुदाई कराई। टैंक से तीनों शव बरामद हुए। मामला कांधला थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत का है।
अब विस्तार से पढ़िए…

पत्नी को पर्दे में रहने के लिए कहता था पुलिस के अनुसार, गढ़ी दौलत गांव निवासी दाउद के 5 बेटे हैं। उनमें फारुख तीसरे नंबर का है। वह एक होटल पर रोटी बनाने का काम करता है। फारुख अपने पिता और भाइयों से अलग मकान में रहता है। उसके पांच बच्चे थे। जिनमें तीन बेटियां और दो बेटे हैं।
आरोप है कि फारुख अपनी पत्नी ताहिरा और बेटियों- आफरीन (16) और सहरीन (14) को इस्लामिक रीति-रिवाज के मुताबिक पर्दे में रहने के लिए कहता था। लेकिन ताहिरा को यह बात मंजूर नहीं थी। दोनों के बीच इस बात को लेकर आए दिन झगड़ा होता था। इसे फारुख अपनी सामाजिक बेइज्जती मानता था।

10 दिन से लापता थीं पत्नी और दो बेटियां फारुख की पत्नी और दोनों बेटियां 10 दिन से लापता थीं। फारुख के पिता दाउद ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फारुख को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह बहाने बनाता था। कड़ाई से पूछताछ में वह टूट गया।
पुलिस पूछताछ में फारुख ने बताया- पत्नी और बेटियां बुर्का पहने बगैर घर से बाहर निकलती थीं। यह बात मुझे अखरती थी। इस पर मैंने तीनों को मारने का प्लान बनाया। कैराना से अवैध तमंचा और कारतूस खरीदे। घर के आंगन में सेप्टिक टैंक खुदवाया।

उस वक्त पत्नी ताहिरा मायके में थी। उसे घर बुला लिया। 8 दिसंबर की रात में चाय के बहाने उसे जगाया और गोली मारकर हत्या कर दी। गोली की आवाज सुनकर आफरीन और सहरीन की नींद खुल गई। मैंने आफरीन को भी गोली मार दी। जबकि सहरीन का गला घोंट दिया।

हत्या करने के बाद तीनों को सेप्टिक टैंक में दफना दिया। इसके बाद परिजनों को गुमराह करने के लिए उसने कहा- वह बच्चों को लेकर शामली में किराये पर कमरा लेकर रह रहा है। जब काफी समय तक महिला और बच्चियों का कोई पता नहीं चला, तो परिजनों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया- ग्राम प्रधान द्वारा दो बच्चियों और एक महिला के लापता होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान महिला के पति फारुख से सख्ती से पूछताछ की गई। जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने तीनों शव बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।