मध्य प्रदेश

जेल की दीवार कूदकर भागा कैदी:किचन में काम कर रहा था, बिजली बंद होते ही पाइप और तार बांधकर फरार; प्रहरी सस्पेंड

शाजापुर जिला जेल से रविवार को एक विचाराधीन कैदी के फरार होने का मामला सामने आया है। जिला जेल अधीक्षक दुष्यंत परागे ने बताया कि कैदी जयराम उर्फ जीवन पिता मोहनलाल (35) निवासी वार्ड क्रमांक 1 मक्सी रविवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच जेल के किचन में काम करने के दौरान फरार हो गया। मामले में जेल प्रहरी प्रदीप वर्मा को निलंबित कर दिया गया।

बताया गया कि कैदी ने पानी के पाइप और तार को बांधकर जेल की दीवार फांदकर भाग गया। उसके साथ अन्य कैदी राहुल ने भी भागने की योजना बनाई थी, लेकिन वह पकड़ा गया। राहुल छेड़छाड़ के मामले में धारा 354 के तहत जेल में बंद है।

जेल अधीक्षक के अनुसार फरार बंदी जीवन उर्फ जयराम के खिलाफ मक्सी थाने में 4 अक्टूबर 2025 को एक प्रकरण दर्ज किया गया था। उसका भाई भी जेल में है, जबकि मां जमानत पर है। घटना के समय प्रहरी ताला लगाकर जा चुका था। दोनों कैदी सभागृह में छिप गए थे। लालघाटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। सीसीटीवी फुटेज लाइट बंद होने के कारण नहीं निकल सके हैं।

जेल में बंद की बिजली सप्लाई शाजापुर जिला जेल क्षेत्र में बिजली लाइन के मेंटेनेंस कार्य के चलते रविवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक बिजली सप्लाई बंद रखी गई थी। इसी कारण जेल परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी बंद रहे। बिजली नहीं होने के कारण घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज फिलहाल सामने नहीं आया है।

शाजापुर की जिला जेल।

चार माह से था जेल में

लालघाटी थाने में पदस्थ एसआई हेमंत पटेल ने बताया कि फरार कैदी का नाम जीवन उर्फ जयराम है। वह भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या के प्रयास) का आरोपी है और पिछले चार माह से जेल में बंद था।

पुलिस ने कैदी की तलाश में आसपास के क्षेत्रों में तुरंत नाकाबंदी कर दी है। एसआई पटेल ने विश्वास व्यक्त किया कि फरार कैदी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लालघाटी थाने में मामला दर्ज जेल प्रहरी ने लालघाटी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। फरियादी प्रहरी क्रमांक 252 पकन सिंह तोमर (33) निवासी जिला जेल शाजापुर ने प्रहरी धरमसिंह रावत के साथ थाना पहुंचकर आवेदन दिया। उन्होंने बताया रविवार सुबह करीब 11 से 11:30 बजे के बीच विचाराधीन बंदी जयराम उर्फ जीवन नरवरिया पिता मोहनलाल नरवरिया (36) निवासी नई आबादी मक्सी जेल की पाकशाला की दीवार से पानी की नली और लकड़ी के डंडे के सहारे दीवार फांदकर फरार हो गया।

पहले भी हो चुकी घटना वर्ष 2010 में भी कैदी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गया था। जिला जेल में वर्तमान में 124 बंदी हैं। इनमें दंडित कैदी 45 है, जिसमें 41 पुरुष और 4 महिला बंदी शामिल हैं। वहीं, विचाराधीन 79 हैं। इनमें 71 पुरुष बंदी और 8 महिला बंदी शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button