मध्य प्रदेश

MP का फूल जल्द विदेशों में पहुंचेगा:सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- कांग्रेस केवल झूठ बोलती है; भोपाल में 3 दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी शुरू

भोपाल में सीएम डॉ. मोहन यादव ने किसान कल्याण वर्ष 2026 के अवसर पर राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी शासकीय गुलाब उद्यान में आयोजित की गई है, जो अगले तीन दिनों तक आम जनता के लिए खुली रहेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पुष्प प्रदर्शनी के ब्रोशर का विमोचन किया। प्रदर्शनी में प्रदेशभर से आए किसान पुष्प खेती, उद्यानिकी और संरक्षित खेती से जुड़ी आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और विशेषज्ञों से सीधे सलाह ले सकेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नारायण सिंह कुशवाह और एदल सिंह कंषाना भी उपस्थित रहे।

राज्य स्तरीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग और मध्यप्रदेश रोज सोसायटी द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य पुष्प उत्पादन को बढ़ावा देना, किसानों को नई तकनीकों के लिए प्रोत्साहित करना और उद्यानिकी गतिविधियों को सशक्त बनाना है। प्रदर्शनी में फूलों की कई आकर्षक और दुर्लभ प्रजातियां प्रदर्शित की गई हैं।

पुष्प प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए सीएम डॉ. मोहन यादव।

पुष्प उत्पादकों को अनुदान देकर किया गया सम्मान

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जिलों के पुष्प उत्पादकों को अनुदान राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। गुना के शुभम चौहान को 8 लाख 84 हजार रुपए, बैरसिया की रूप कुंवर कुशवाहा को संरक्षित खेती में योगदान के लिए 14 लाख 20 हजार रुपए और इंदौर की साधना रविश पाठक को 12 लाख रुपए का चेक प्रदान किया गया।

इसके अलावा विजय सिंह को 2 लाख 25 हजार रुपए, खरगोन के अंकित परिहार को 1 लाख 33 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई। वहीं राम कुमार शर्मा, हरिराम यादव, अरविंद विजय और भावना पांडेय को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। यह सहायता बागवानी विकास मिशन योजना के तहत दी गई है।

पुष्प उत्पादकों को अनुदान राशि देते मोहन यादव।

प्रदेश का गुलाब जल्द विदेशों तक पहुंचेगा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में करीब 40 हजार किसान पुष्प व्यवसाय से जुड़े हैं और लगभग 45 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में फूलों की खेती हो रही है। वर्तमान में मध्यप्रदेश से फूल गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के कई हिस्सों में भेजे जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य आने वाले समय में पुष्प उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है।

कांग्रेस पर किया हमला मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस 55 साल तक सत्ता में रही, लेकिन इस दौरान गेहूं के दामों में किसानों को केवल 400 से 500 रुपए की बढ़ोतरी ही मिली। वहीं पिछले 20 वर्षों में भाजपा सरकार ने समर्थन मूल्य में 2100 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद दिया।

सीएम मोहन डॉ. यादव ने कहा, “पिछले साल गेहूं 2600 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका और आने वाले एक-दो सालों में इसका भाव 2700 से 2800 रुपए प्रति क्विंटल से ऊपर जाएगा। कांग्रेस केवल झूठ बोलती है, इसी कारण वह जनता से दूर होती जा रही है। अगर यही स्थिति रही तो आने वाले समय में कांग्रेस कार्यालयों में ताले लग जाएंगे।”

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button